Donald Tusk India Visit: पोलैंड के पीएम टस्क आज मोदी से करेंगे बात, व्यापार और रक्षा सहयोग पर रहेगा जोर

नई दिल्ली: पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क गुरुवार, 22 अक्टूबर को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, दोनों नेता भारत-पोलैंड संबंधों के हर पहलू की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे। आकाशवाणी समाचार के अनुसार, बातचीत के बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
टस्क बुधवार शाम तीन दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने उनका स्वागत किया। उनके साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज दोमान्स्की और एक बड़ा कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी आया है। यह यात्रा 23 अक्टूबर तक चलेगी।
जयशंकर से मुलाकात, राजघाट पर श्रद्धांजलि
गुरुवार सुबह विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने टस्क से मुलाकात की। जयशंकर ने X पर लिखा, “प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मिलकर खुशी हुई। कई क्षेत्रों में भारत-पोलैंड सहयोग को गहरा करने पर उनके विचारों की सराहना करता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ टस्क की बैठक का इंतजार है।
इसके बाद टस्क राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। विदेश मंत्रालय ने X पर लिखा कि महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के आदर्श आज भी दुनिया को प्रेरित करते हैं।

व्यापार दोगुना करने पर नजर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 6 अरब डॉलर से ज्यादा रहा। मध्य और पूर्वी यूरोप में पोलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है। पोलैंड में भारतीय कंपनियों का निवेश 3 अरब डॉलर से ज्यादा है। वहां करीब 30 हजार भारतीय रहते हैं और लगभग 3,500 भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देश आपसी व्यापार को दोगुना करने पर ध्यान दे रहे हैं। भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने हैं, जिससे इस लक्ष्य को बल मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, टस्क के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में करीब 100 कंपनियों के प्रतिनिधि हैं, जिनमें रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी कंपनियां भी शामिल हैं।
रक्षा सहयोग और यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का मौका देगी। मंत्रालय के अनुसार, इससे भारत और यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी भी मजबूत होगी।
द हिंदू ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि पोलैंड गोपनीय जानकारी की सुरक्षा से जुड़ा एक समझौता चाहता है, ताकि उसकी रक्षा कंपनियों की तकनीक रूस तक न पहुंचे। बातचीत में यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी उठने की उम्मीद है।
भारत और पोलैंड के संबंध अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचे थे। प्रधानमंत्री के तौर पर टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वे 2010 में भारत आए थे। 2017 में वे यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में भारत-EU शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आए थे। दिल्ली के बाद टस्क बेंगलुरु जाएंगे, जहां वे IT और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों से मिलेंगे।
यह भी पढ़ें: India-New Zealand FTA: न्यूजीलैंड में आज से हर भारतीय सामान ड्यूटी-फ्री, युवाओं को मिलेंगे नए वर्क वीजा



































































































































































