नवम्बर 28, 2026
#Politics #भारत

Delimitation Bill: हर राज्य की लोकसभा सीटें 50% बढ़ेंगी, 2051 तक हिस्सा तय

नए संसद भवन में लोकसभा कक्ष का अंदरूनी दृश्य, जिसमें हरे रंग की सीटों की कतारें और ऊपर दर्शक दीर्घा दिख रही है

नई दिल्ली: लोकसभा में हर राज्य की सीटें डेढ़ गुना करने का रास्ता खुल सकता है। केंद्र सरकार का संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 सामने आ गया है, जिसे लोकसभा में पेश किया जाना है। संसद की वेबसाइट पर उपलब्ध विधेयक के पाठ के मुताबिक अगले परिसीमन में हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटें मौजूदा संख्या से 50% बढ़ेंगी, लेकिन राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 2051 तक नहीं बदलेगा।

इसी बदलाव के साथ महिला आरक्षण को भी जोड़ा गया है। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के 27 नवंबर के हस्ताक्षर वाले उद्देश्यों और कारणों के कथन में लिखा है कि विधेयक का मकसद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण को तुरंत लागू करना है, जिसमें अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाएं भी शामिल हैं। इसके लिए परिसीमन में सीटें 50% बढ़ाने का प्रावधान किया गया है।

नए संसद भवन में लोकसभा कक्ष का अंदरूनी दृश्य, जिसमें हरे रंग की सीटों की कतारें और ऊपर दर्शक दीर्घा दिख रही है
नए संसद भवन का लोकसभा कक्ष (फाइल फोटो, मई 2023)। तस्वीर: संसदीय कार्य मंत्रालय/पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार, काटी गई

लोकसभा 850, विधानसभा 650 तक

विधेयक संविधान के अनुच्छेद 54, 55, 81, 82, 170, 330, 332 और 334A में बदलाव का प्रस्ताव करता है। इसकी अहम बातें ये हैं:

  • लोकसभा में राज्यों से चुने जाने वाले सदस्यों की अधिकतम संख्या 530 से बढ़कर 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 20 से बढ़कर 35 होगी। यानी सदन की अधिकतम सीमा 550 से 850 हो जाएगी।
  • किसी राज्य की विधानसभा में अब अधिकतम 500 की जगह 650 सदस्य हो सकेंगे।
  • संशोधन लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन में हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटें और हर विधानसभा की कुल सीटें, उस समय की संख्या से 50% बढ़ाई जाएंगी।
  • राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा अब तक 1971 की जनगणना पर टिका है। नए पाठ में इसकी जगह अनुच्छेद 334A का हवाला है, यानी हर राज्य की मौजूदा सीटों में बराबर अनुपात में बढ़ोतरी। नई व्यवस्था 2051 तक लागू रहेगी।
  • राष्ट्रपति चुनाव के लिए “राज्य” की परिभाषा में दिल्ली और पुडुचेरी की तरह अब जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश को भी शामिल किया गया है।

आपके राज्य की कितनी सीटें बढ़ेंगी

50% बढ़ोतरी के इस प्रावधान को कुछ बड़े राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों पर लागू करें तो तस्वीर कुछ ऐसी बनती है:

राज्यअभी लोकसभा सीटें50% बढ़ोतरी के बादइनमें महिलाओं के लिए करीब
उत्तर प्रदेश8012040
महाराष्ट्र487224
पश्चिम बंगाल426321
बिहार406020
केरल203010

यह हिसाब विधेयक के 50% वाले प्रावधान पर आधारित है। अंतिम संख्या और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें परिसीमन के बाद ही तय होंगी। विधेयक के मुताबिक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं संशोधन लागू होने की तारीख पर उपलब्ध सबसे ताजा प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों से खींची जाएंगी। अभी तक प्रकाशित सबसे ताजा जनगणना 2011 की है, जबकि जनगणना 2027 का काम चल रहा है।

दक्षिणी राज्यों की चिंता का क्या होगा

परिसीमन को लेकर सबसे बड़ी बहस यही रही है कि अगर सीटें केवल आबादी के आधार पर बांटी गईं, तो जिन राज्यों ने आबादी पर काबू पाया, उनका संसद में हिस्सा घट जाएगा। नए विधेयक में हर राज्य की सीटें बराबर 50% बढ़ाने और यह अनुपात 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव इसी चिंता से जुड़ा है। यानी केरल या तमिलनाडु जैसे राज्यों की सीटें भी उसी अनुपात में बढ़ेंगी, जिस अनुपात में उत्तर प्रदेश या बिहार की।

अप्रैल 2026 में लाया गया 131वां संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाया था। नए पाठ में सबसे बड़ा बदलाव हर राज्य के लिए 50% बढ़ोतरी की यही गारंटी है।

महिला आरक्षण: कब से और कितने साल

2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम (106वां संविधान संशोधन) में महिला आरक्षण को अगली जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। नया विधेयक अनुच्छेद 334A को बदलकर यह प्रावधान करता है कि:

  • आरक्षण इस संशोधन के लागू होने के बाद होने वाले पहले परिसीमन के बाद लागू होगा।
  • यह लोकसभा, सभी राज्यों की विधानसभाओं और दिल्ली, पुडुचेरी व जम्मू-कश्मीर की विधानसभाओं पर लागू होगा।
  • आरक्षण 2023 के संशोधन के लागू होने से 15 साल तक रहेगा। संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकेगी।
  • महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें रोटेशन से बदलेंगी। यह किस तरह होगा, यह संसद कानून बनाकर तय करेगी।
  • मौजूदा लोकसभा और विधानसभाओं पर इसका असर तब तक नहीं पड़ेगा, जब तक वे भंग नहीं होतीं।

अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और त्रिपुरा की विधानसभाओं में अनुसूचित जनजातियों के लिए सीटों के मौजूदा विशेष प्रावधान भी 2051 के बाद होने वाले पुनर्समायोजन तक जारी रहेंगे।

आगे क्या: 30 नवंबर से संसद की विशेष बैठक

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 26 नवंबर को X पर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से लोकसभा की बैठक सोमवार 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक बुधवार 2 दिसंबर को बुलाने का अनुरोध किया है। 27 नवंबर को उन्होंने लिखा, “सरकार ने संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत हम अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों को लेकर संसद में आ रहे हैं।”

संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत ऐसे संशोधन को दोनों सदनों में कुल सदस्य संख्या के बहुमत और मौजूद व मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत से पास होना होता है। संसद में राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ा होने के कारण इसे कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं की मंजूरी भी चाहिए। इसलिए विपक्षी दलों के रुख पर सबकी नजर रहेगी, क्योंकि अप्रैल में दो-तिहाई बहुमत का यही गणित आड़े आया था।

यह भी पढ़ें: Cabinet Decisions: सिलचर में नया एयरपोर्ट, ₹11,000 करोड़ की उपकरण योजना

यह भी पढ़ें: BJP Akali Dal Alliance: 6 साल बाद NDA में अकाली दल, साथ लड़ेंगे पंजाब चुनाव

Leave a comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *