Greater Noida Family Deaths: नूडल्स खाकर सोए परिवार के 5 लोगों की मौत में नया मोड़, महेश की दो बहनों और बहनोई पर केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा: शुक्रवार रात मेले से लौटकर नूडल्स खाने और चाय पीने के बाद सोया एक परिवार सुबह नहीं उठा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में हुई पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की इस रहस्यमयी मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका ललिता के भाई आकाश की शिकायत पर पुलिस ने महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को हिरासत में ले लिया है।
मृतकों की पहचान 37 साल के महेश, उनकी 35 साल की पत्नी ललिता, 11 साल के बेटे लड्डू, सात साल की बेटी मिष्टी और तीन साल के बेटे साक्षात के रूप में हुई है। शुरुआत में पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग का मामला माना था, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद जांच अब पारिवारिक प्रताड़ना और संपत्ति विवाद की दिशा में भी बढ़ गई है।
बहनों और बहनोई पर प्रताड़ना का आरोप
रबूपुरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने दैनिक जागरण को बताया कि ललिता के भाई आकाश की तहरीर के आधार पर ललिता की ननद सुनीता और सपना तथा एक नंदोई समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महेश की बड़ी बहन सुनीता अपने पति और छोटी बहन सपना के साथ मिलकर महेश और ललिता को लगातार प्रताड़ित कर रही थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि मां को महेश के खिलाफ भड़काकर मकान समेत पैतृक संपत्ति हड़प ली गई, जिससे महेश अवसाद में चले गए थे। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव में महेश ने परिवार समेत आत्मघाती कदम उठाया, हालांकि मौत की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।

सुबह बच्चा नहीं उठा, तब सामने आई घटना
नोएडा पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक शनिवार, 17 अक्टूबर की सुबह थाना रबूपुरा को सूचना मिली थी कि गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पंचनामे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि परिवार ने रात करीब 10 से साढ़े 10 बजे के बीच खाना खाया था। सुबह जब एक बच्चा परीक्षा के लिए नहीं उठा, तब घटना का पता चला। उन्होंने कहा था कि परिवार ने जो कुछ खाया था, उसी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की असली वजह साफ होगी।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि गैस चूल्हे पर तेल लगा एक बर्तन मिला, जिसमें शायद नूडल्स बनाए गए थे। पास में थोड़ी बची हुई चाय वाला एक बर्तन भी रखा था। अधिकारी के मुताबिक शव जिस स्थिति में मिले, उससे लगता है कि मौत की वजह या तो फूड पॉइजनिंग हो सकती है या फिर आत्महत्या के इरादे से खाने में जहर मिलाया गया हो।
यह भी पढ़ें: Greater Noida CCTV: रात में दीवार किनारे कूड़ा फेंका, खंभे से आई आवाज- “भाई, उठाओ!”; फिर जो हुआ वायरल
पोस्टमार्टम में वजह साफ नहीं, विसरा सुरक्षित
पांचों शवों का पोस्टमार्टम नोएडा के सेक्टर 94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस में हुआ। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पोस्टमार्टम में मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी, इसलिए विसरा सुरक्षित रखकर रासायनिक जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी खाने के नमूने लेकर जांच शुरू की है। शनिवार देर रात पांचों शव गांव पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में ललिता के परिजन सोनू ने बताया कि महेश ज्यादातर दिहाड़ी मजदूरी करते थे और कभी-कभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए डिलीवरी का काम भी करते थे। पहले उनकी एक दुकान थी, जो बाद में बंद हो गई। सोनू के मुताबिक परिवार शुक्रवार रात मेले से लौटा था। महेश की भाभी नीरज ने भी मीडिया से बातचीत में परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चलने का आरोप लगाया है।
मोबाइल में मिले ऑडियो की भी हो रही जांच
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पुलिस को महेश के मोबाइल फोन में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें उन्होंने अपने कुछ करीबियों को परिवार की इस हालत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। टीवी9 भारतवर्ष के मुताबिक डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने कहा है कि ऑडियो की वैज्ञानिक पुष्टि की जा रही है और निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने अब तक ऑडियो की सामग्री को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
फिलहाल पुलिस विसरा रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। एक ही रात में पूरे परिवार के खत्म हो जाने से नगला श्री पदम गांव में मातम पसरा हुआ है।
अगर आप या आपका कोई करीबी तनाव या अवसाद से जूझ रहा है, तो केंद्र सरकार की मुफ्त टेली मानस हेल्पलाइन 14416 पर किसी भी समय बात कर सकते हैं।
















































































































































