Google Search Profile: 10K फॉलोअर्स हैं? अब गूगल पर बनेगा आपका अपना पेज

इंस्टाग्राम, यूट्यूब या X पर 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स वाले भारतीय क्रिएटर्स अब गूगल सर्च पर अपना खुद का प्रोफाइल पेज बना सकते हैं। गूगल ने अपना ‘सर्च प्रोफाइल’ फीचर अमेरिका के बाद भारत और कनाडा में शुरू कर दिया है। ब्राजील में यह जल्द आएगा।
गूगल सर्च के प्रोडक्ट वाइस प्रेसिडेंट रॉबी स्टीन ने X पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, “सर्च प्रोफाइल्स के लिए सबसे ज्यादा मांगा गया अपडेट आज लाइव है। आज से भारत और कनाडा के क्रिएटर्स और पब्लिशर्स गूगल पर अपना खुद का होम बेस बना सकते हैं।” गूगल की हेल्प डॉक्यूमेंटेशन में भी अब अमेरिका, कनाडा और भारत को समर्थित देशों में शामिल कर लिया गया है।
आखिर है क्या यह सर्च प्रोफाइल
गूगल के मुताबिक सर्च प्रोफाइल एक ऐसा पेज है, जिसे शेयर किया जा सकता है और अपनी पसंद से सजाया जा सकता है। इसमें क्रिएटर की प्रोफाइल फोटो, बायो, वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक, लेख, वीडियो और पोस्ट एक ही जगह दिखते हैं। यानी कोई आपका नाम गूगल पर खोजे तो उसे आपकी रील्स, यूट्यूब वीडियो और ब्लॉग अलग-अलग ढूंढने नहीं पड़ेंगे।
किसी दूसरे प्लेटफॉर्म का अकाउंट जोड़ने के बाद वहां की नई पोस्ट आम तौर पर 24 घंटे के भीतर प्रोफाइल पर दिखने लगती है। लोग इस प्रोफाइल से क्रिएटर को फॉलो भी कर सकेंगे। गूगल का कहना है कि फॉलो करने वाले यूजर्स को आगे चलकर गूगल डिस्कवर फीड में उस क्रिएटर का कंटेंट ज्यादा दिख सकता है।
कौन बना सकता है प्रोफाइल
- यूट्यूब, इंस्टाग्राम, X या टिकटॉक में से कम से कम एक प्लेटफॉर्म पर 10,000 या उससे ज्यादा सब्सक्राइबर/फॉलोअर्स हों।
- उम्र कम से कम 18 साल हो।
- कंटेंट गूगल की यूजर-जनरेटेड कंटेंट नीतियों के अनुरूप हो।
गूगल ने यह भी बताया है कि कई जाने-माने क्रिएटर्स का प्रोफाइल पहले से अपने आप बना हो सकता है, खासकर उन लोगों का जिनका नॉलेज पैनल मौजूद है। इसलिए नया प्रोफाइल बनाने से पहले अपना नाम या हैंडल गूगल पर सर्च करके देख लें। अगर प्रोफाइल पहले से है तो उसे ‘क्लेम’ करना होगा। नाम, बायो या सोशल लिंक जैसी जानकारी बदलने के लिए गूगल की मंजूरी लग सकती है।
यह भी पढ़ें: Agentic AI: सरकारी सेवाओं के लिए CoRover बनाएगी साझा AI प्लेटफॉर्म, शुरुआत डिजीलॉकर से
रैंकिंग बढ़ेगी? गूगल का साफ जवाब
कई क्रिएटर्स के मन में पहला सवाल यही है कि क्या प्रोफाइल बनाने से उनका कंटेंट सर्च में ऊपर आएगा। गूगल की हेल्प डॉक्यूमेंटेशन इस पर साफ है: प्रोफाइल बनाने या उसमें बदलाव करने से सर्च रैंकिंग पर सीधा असर नहीं पड़ता। इसका फायदा पहचान और खोजे जाने में है। प्रोफाइल से लोगों को एक भरोसेमंद जगह मिलती है, जहां साफ हो कि कौन-सा अकाउंट असली है।
क्लेम किए गए प्रोफाइल में ‘इनसाइट्स’ सेक्शन भी मिलेगा। इसमें टॉप कंटेंट, कुल क्लिक, इंप्रेशन और देशवार ऑडियंस की जानकारी होगी, जिसे तारीख और प्लेटफॉर्म के हिसाब से फिल्टर किया जा सकेगा। यह डेटा सिर्फ प्रोफाइल क्लेम करने वाले गूगल अकाउंट को दिखेगा।
फर्जी फैन पेज और कॉपी अकाउंट्स से परेशान छोटे और मझोले भारतीय क्रिएटर्स के लिए यह फीचर काम का साबित हो सकता है। प्रोफाइल बनाने की प्रक्रिया गूगल फॉर क्रिएटर्स की वेबसाइट (creators.google/profile) पर दी गई है।







































































