Word of the Year 2026: Gen Z का ‘Maxxing’ बना साल का शब्द, मतलब क्या है?

Word of the Year 2026: अगर आपने इस साल इंस्टाग्राम रील्स या शॉर्ट वीडियो में ‘gymmaxxing’, ‘sleepmaxxing’ या ‘looksmaxxing’ जैसे शब्द सुने हैं, तो अब यह शब्द आधिकारिक तौर पर साल का सबसे बड़ा शब्द बन गया है। अमेरिका की ऑनलाइन डिक्शनरी Dictionary.com ने ‘maxxing’ को 2026 का वर्ड ऑफ द ईयर चुना है। सोमवार को इसकी घोषणा हुई।

Dictionary.com के मुताबिक ‘maxxing’ (कभी-कभी ‘-maxxing’) शब्द ‘maximizing’ का छोटा रूप है। इसे अकेले भी इस्तेमाल किया जा सकता है और किसी भी शब्द के आखिर में जोड़कर भी, ताकि यह बताया जा सके कि आप कोई काम पूरी हद तक कर रहे हैं या उसे जितना हो सके उतना बेहतर बना रहे हैं। डिक्शनरी का कहना है कि यह शब्द ऐसे समाज की तस्वीर है जो पूरी तरह ऑनलाइन है और हर चीज को ‘ऑप्टिमाइज’ करने में लगा है।
आंकड़े बताते हैं कितनी तेजी से फैला यह शब्द
Dictionary.com हर साल सर्च डेटा, सोशल मीडिया ट्रेंड और खबरों में किसी शब्द के इस्तेमाल का विश्लेषण करके वर्ड ऑफ द ईयर चुनती है। Axios के मुताबिक डिक्शनरी मीडिया ग्रुप के लेक्सिकोग्राफी निदेशक स्टीव जॉनसन ने बताया कि 2026 के पहले सात महीनों में सोशल मीडिया पर ‘maxxing’ का इस्तेमाल करीब 700% बढ़ा। BBC के मुताबिक अगस्त 2026 में डिजिटल मीडिया में यह शब्द 2025 के मासिक औसत के मुकाबले करीब 19 गुना ज्यादा इस्तेमाल हुआ।
इसका सबसे लोकप्रिय रूप ‘looksmaxxing’ है, यानी खुद को ज्यादा आकर्षक दिखाने की कोशिश। CBS News से बातचीत में जॉनसन ने बताया कि साल की शुरुआत से इसका इस्तेमाल 1,000% से ज्यादा बढ़ा है। जॉनसन ने BBC से कहा, “मैक्सिंग उस संस्कृति की भाषाई अभिव्यक्ति है जो हर चीज से ज्यादा से ज्यादा हासिल करने में उलझी हुई है।”
यह भी पढ़ें: लिखने के लिए ₹3.25 करोड़ सालाना! ये AI कंपनी दे रही ऑफर, पर शर्तें जानिए
जिम, नींद, प्रोटीन और AI: हर चीज की ‘मैक्सिंग’
इस शब्द की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह किसी एक दायरे में नहीं बंधा। CBS News के मुताबिक वर्कआउट को अगले लेवल पर ले जाना ‘gymmaxxing’ है, तो सेहत सुधारने की कोशिश ‘healthmaxxing’, जिसके भीतर ‘proteinmaxxing’ और ‘fibermaxxing’ जैसे ट्रेंड भी आते हैं। अच्छी नींद पर पूरा ध्यान देने वाले खुद को ‘sleepmaxxing’ करते बताते हैं, और आराम से घर में वक्त बिताने को ‘cozymaxxing’ कहा जा रहा है।

दफ्तरों में भी यह शब्द पहुंच गया है। जो लोग काम में AI टूल्स पर ज्यादा से ज्यादा निर्भर हो रहे हैं, उनके लिए ‘tokenmaxxing’ शब्द चल पड़ा है। CBS और Axios के मुताबिक अमेरिकी सरकार ने भी अपने कुछ संदेशों में ‘homelandmaxxing’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया। जॉनसन ने CBS से कहा कि आम तौर पर किसी स्लैंग शब्द के साथ ऐसा नहीं होता कि वह इतने अलग-अलग क्षेत्रों में फैल जाए। CBS के मुताबिक यह शब्द अब संज्ञा, क्रिया, विशेषण और क्रियाविशेषण चारों तरह से इस्तेमाल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: AI Training: सिर पर कैमरा लगाकर काम कर रहे भारतीय, रोबोट को सिखा रहे हुनर
कहां से आया ‘मैक्सिंग’, दो ‘x’ की कहानी
यह शब्द बिल्कुल नया नहीं है। क्रेडिट कार्ड ‘मैक्स आउट’ करने जैसे इस्तेमाल दशकों पुराने हैं। BBC ने याद दिलाया कि 1990 के दशक के टीवी शो ‘The Fresh Prince of Bel-Air’ के टाइटल गाने में विल स्मिथ गाते हैं, “Chillin’ out, maxin’, relaxin’ all cool”। लेकिन जॉनसन के मुताबिक ऑप्टिमाइज करने वाला नया अर्थ गेम थ्योरी से आया है। 1940 के दशक में अकादमिक जगत में ‘मिनी-मैक्स’ रणनीति की बात होती थी, जो बाद में Dungeons & Dragons जैसे गेम्स में ‘min-maxing’ बन गई, यानी किसी किरदार की एक खूबी को इतना बढ़ा देना कि उसकी कमजोरियां मायने न रखें।
दूसरा ‘x’ जुड़ने की कहानी ‘looksmaxxing’ से जुड़ी है। Axios के मुताबिक 2010 के दशक में यह शब्द ऑनलाइन ‘मैनोस्फीयर’ में चलना शुरू हुआ और इसकी जड़ें इनसेल (involuntary celibate) समुदाय में हैं, लेकिन बाद में इसने अपनी अलग पहचान बना ली। जॉनसन का कहना है कि दूसरा ‘x’ जुड़ने के बाद ही यह शब्द ‘maximum’ या ‘maximizing’ से अलग पहचाना जाने लगा।
दबाव भी, मजाक भी: शब्द का दूसरा चेहरा
जॉनसन के मुताबिक यह शब्द उस दबाव को भी दिखाता है जो खासकर ऑनलाइन दुनिया में लोग महसूस करते हैं, कि करियर हो, पढ़ाई हो या जिंदगी का कोई और हिस्सा, हमेशा ‘और ज्यादा’ करना है। इसी दबाव के जवाब में मजाकिया शब्द भी बन गए हैं, जैसे ‘normalmaxxing’, जो हर चीज को ऑप्टिमाइज करने की होड़ को ही नकारता है। CBS से जॉनसन ने ‘nothingmaxxing’ को अपने पसंदीदा शब्दों में बताया, यानी कुछ न करने में भी पूरी ताकत लगाना। Axios से बातचीत में उन्होंने ‘nonnamaxxing’ का जिक्र किया, यानी इतालवी दादी-नानी की तरह धीमी, सुकून भरी जिंदगी जीना।

BBC से बातचीत में शिक्षिका और कंटेंट क्रिएटर लॉरेन सेला ने कहा कि उनके छात्र काफी समय से इस शब्द को सफिक्स की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं और “अपने तरीके से व्याकरण को नए सिरे से गढ़ रहे हैं।” वहीं भाषाविद वनेसा क्रॉफ्ट का कहना है कि जब तक मिलेनियल्स किसी शब्द को अपनाते हैं, तब तक Gen Z और Gen Alpha उसे छोड़ चुके होते हैं। उनके छात्र अब ‘मैक्सिंग’ का इस्तेमाल लगभग व्यंग्य में करने लगे हैं।
पिछले साल Dictionary.com ने ‘67’ को वर्ड ऑफ द ईयर चुना था, जिसका मतलब समझने में कई लोग उलझ गए थे, जबकि उससे एक साल पहले ‘demure’ चुना गया था। जॉनसन का कहना है कि ‘मैक्सिंग’ के साथ ऐसा नहीं है, क्योंकि लोग इसे आसानी से समझ लेते हैं। इस बार की शॉर्टलिस्ट में ‘affordability’ (सस्ता होना), ‘data center’, ‘unc’ (अंकल का छोटा रूप, जो Gen Z किसी आउट ऑफ टच बड़े व्यक्ति के लिए बोलती है) और ‘odyssey’ भी शामिल थे।






